बेखौफ बदमाशों ने दो भाइयों सहित तीन के साथ की लूटपाट
मेरठ। बाइकर्स गैंग का उत्पात बढ़ता जा रहा है। रविवार को बेखौफ बदमाशों ने शहर की सड़कों पर जमकर तांडव किया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती दी। कोरोना कर्फ्यू के दौरान एक साथ घटी लूट की इन वारदातों ने पुलिसिया व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
मेडिकल थाना क्षेत्रांतर्गत निवासी तरुण शर्मा रविवार सुबह अपने भाई वरुण शर्मा के साथ रिंग रोड 400 मीटर ग्राउंड पर दौड़ के लिए पहुंचा। तभी कुछ युवक वहां आए और उनसे मारपीट शुरु कर दी। दोनों भाइयों ने इन युवकों का मुकाबला किया। जमकर लात-घंसे चले। इसमें वह घायल भी हो गए। इसी दौरान हमलावर युवकों ने तरुण का मोबाइल छीन लिया। वरुण ने विरोध किया तो एक युवक ने उसके गले की सोने की चेन तोड़ ली और धमकी देकर फरार हो गए। दोनों भाई थाने पहुंचे और कुछ युवकों की पहचान करते हुए तहरीर दी। आरोपी काजीपुर के बताए जा रहे हैं। मेडिकल पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कहकर उन्हें टरका दिया।
सरधना के गांव खेड़ा निवासी रवि फरीदाबाद से घर लौट रहा था। सदर बाजार थाना क्षेत्रांतर्गत भैंसाली बस अड्डे पर उतरकर वह पैदल ही सरधना अड्डा बेगमपुल के लिए चल दिया। बेगमपुल चौराहे से ठीक पहले अचानक एक फोन आया और रवि सड़क किनारे खड़ा होकर फोन सुनने लगा। तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका फोन छीन लिया और बेगमपुल की ओर फरार हो गए। रवि चिल्लाते हुए उनके पीछे दौड़ा लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। वह थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि पुलिस ने रवि की शिकायत को गुमशुदगी में दर्ज कर इतिश्री कर दी।