अश्वनी के परिजनों के खिलाफ थाने में तस्करा डाला
मेरठ। दरोगा के उत्पीड़न से आत्मदाह करने वाले टेंपो चालक अश्वनी के परिजनों के खिलाफ मंगलवार शाम सिविल लाइन थाने में पुलिस ने तस्करा डाल दिया। सोमवार को अश्वनी के परिजन दरोगा की गिरफ्तारी न होने पर आईजी को शिकायती पत्र देकर वापस लौट रहे थे। तभी आईजी ऑफिस के पास आरोपी दरोगा राजदेव पुनिया घूमते पीड़ित परिवार को दिख गया। दरोगा को दौड़ाया और पुलिस लाइन में घेराबंदी कर उसके साथ हाथापाई कर दी थी। मंगलवार को सिविल लाइन पुलिस ने गुपचुप तरीके से दरोगा राजदेव पुनिया को थाने में बुलाया और उसका जिला अस्पताल में मेडिकल भी कराया। उसके बाद दरोगा की शिकायत पर पीड़ित परिवार के खिलाफ तस्करा डाल दिया, जबकि पीड़ित परिवार की तरफ से पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से भी इंकार कर दिया था।