बहसूमा। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने बिजली स्मार्ट मीटर को किसानों के हित में न बताते हुए इसे जबरन थोपने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मोड़ खुर्द गांव में आयोजित एक पंचायत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने किसानों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया और सरकार से निशुल्क बिजली की मांग की।
मोड खुर्द स्थित प्रधान इंतजार के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (तोमर) हमेशा किसानों, गरीब, मजदूर और मजलूमों के हितों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान देश होने के बावजूद किसानों की उपेक्षा की जा रही है।
संजीव तोमर ने विशेष रूप से बिजली स्मार्ट मीटरों के मुद्दे पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि ये स्मार्ट मीटर किसानों के हित में नहीं हैं और इन्हें जबरन किसानों पर थोपा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि किसानों को निशुल्क बिजली कनेक्शन दिया जाए और उन्हें मुक्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विद्युत विभाग पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि पांच हजार रुपये के बकाए पर किसानों के घरेलू कनेक्शन काट दिए जाते हैं। जबकि उद्योगपतियों के करोड़ों रुपये बकाया होने पर भी उनके कनेक्शन नहीं काटे जाते।
पंचायत में गन्ने के भाव में की गई 30 रुपये की मामूली बढ़ोतरी पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि शुगर मिलें गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ना डालने वाले किसानों से मनमाना भाड़ा वसूल रही हैं। संजीव तोमर ने मोड खुर्द के प्रधान इंतजार को भारतीय किसान यूनियन (तोमर) का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया। पंचायत में युवा पश्चिम प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर, राष्ट्रीय सलाहकार इंद्रजीत सांगवान, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, युवा कार्यकारिणी प्रदेश प्रभारी हसीर, प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी, प्रदेश संगठन मंत्री पप्पी, जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर निखिल चौधरी, सचिन मेहरबान, जिला सचिव सिराज, उपाध्यक्ष हनी बालियान, कलीम प्रधान सहित कई अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
मोड खुर्द पंचायत का फोटो भारतीय किसान यूनियन। (बहसूमा)