स्मार्ट सिटी पर दिल्ली में होने वाली कार्यशाला में शामिल होने के लिए नगर निगम प्रशासन की स्मार्ट तैयारियां हैं। जहां नगरायुक्त ने पिछले माह लखनऊ में प्रस्तुत की गई निगम की पत्रावलियों का अवलोकन किया वहीं महापौर ने स्मार्ट सिटी के लिए अपने प्रभावी पक्ष का चिट्ठा तैयार कराया। माना जा रहा है कि महापौर और निगम प्रशासन की तैयारी मेरठ को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल कराने के लिए कुछ न कुछ जरूर असर करेगी।
केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी की कार्य योजना संबंधी कार्यशाला बृहस्पतिवार को दिल्ली में आयोजित की है। मेरठ को निमंत्रण मिलते ही महापौर हरिकांत अहलुवालिया ने स्मार्ट सिटी मिशन के मुख्य बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उधर, नगरायुक्त उमेश प्रताप ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया। ताकी जरूरत पड़ने पर कार्यशाला में उनका संज्ञान लिया जा सके। नगरायुक्त उमेश प्रताप का कहना है कि कार्यशाला स्मार्ट सिटी को लेकर है। तो हमारा दायित्व बनता है कि उसके संबंध में पूरी जानकारी रखें। कार्यशाला में क्या होना है यह तो स्पष्ट जानकारी नहीं है, लेकिन इतना जरूर है कि नगरायुक्त होने के नाते हम जरूरत पड़ने पर मेरठ का पक्ष रखेंगे।
नीति आयोग की बैठक आज
केंद्र सरकार ने दिल्ली में बुधवार को नीति आयोग की बैठक बुलाई हुई है। इसमें भाग लेने के लिए नगरायुक्त उमेश प्रताप दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों का कहना है कि नीति आयोग की बैठक में उप्र के सभी नगरायुक्तों को बुलाया गया है। इसमें स्मार्ट सिटी मिशन पर भी चर्चा होगी।
छात्रों ने राज्य सरकार का पुतला फूंका
मेरठ। स्मार्ट सिटी में मेरठ के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मेरठ कॉलेज के छात्रों ने कॉलेज गेट के सामने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। सूचना पर पहुंची पुलिस से छात्रों की नोकझोंक भी हुई।
छात्र नेता विनित चपराना के नेतृत्व में छात्र मेरठ कॉलेज गेट के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। इस दौरान विपिन चपराना ने कहा कि स्मार्ट सिटी के चयन में मेरठ के साथ प्रदेश सरकार ने सौतेला व्यवहार किया है। छात्रों द्वारा प्रदेश सरकार का पुतला जलाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक पुतला जलकर राख हो चुका था। मौके पर शाहरुख गाजी, श्रीकांत चौधरी, रचित राजपूत, फइनूर एडवाकेट, राहुल फफूंडा, राहुल दीक्षित, तारीक अजीज, ताजीम, रोहित उपाध्याय, सुमित राजपूत आदि मौजूद रहे।