मेरठ। लिसाड़ीगेट के मजीदनगर में नशे की सामग्री खरीदने पहुंचे युवक को 50 रुपये के विवाद में स्मैक तस्करों ने गोली मारकर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों को आते देख आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को हापुड़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, आशियाना काॅलोनी निवासी आस मोहम्मद उर्फ कलवा रविवार दोपहर मजीदनगर में स्मैक तस्कर नदीम उर्फ चील और वसीम उर्फ रसगुल्ला के मकान पर नशे की सामग्री खरीदने पहुंचा था। तस्करों ने उससे पूर्व में उधार किए गए 50 रुपये मांगे। इसी बात पर उनमें विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर तस्करों ने गोली चला दी। पैर में गोली लगने से आस मोहम्मद घायल हो गया।
फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। लेनदेन के विवाद में गोली चलने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी से प्रकरण में रिपोर्ट मांगी गई है।
-
पुलिस पर संरक्षण का आरोप, लाइन हाजिर हुए थे चौकी इंचार्ज
लिसाड़ीगेट क्षेत्र में नशे का धंधा बड़े पैमाने पर चल रहा है। मजीदनगर में स्थानीय लोगों ने 17 दिन पहले स्मैक की बिक्री के विरोध में पलायन करने के पोस्टर चस्पा किए थे। दरोगा पर तस्करों से साठगांठ का आरोप लगा था। इस मामले में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने 27 फरवरी को पिलोखड़ी चौकी इंचार्ज रंजीत सिंह को लाइनहाजिर कर दिया था। धंधे पर रोक नहीं लगाए जाने से रविवार को वारदात हो गई। एसएसपी का कहना है कि लिसाड़ीगेट थाने के पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।