नांगलसोती के गांव कामराजपुर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त कार।
- फोटो : NAZIBABAD
नींद की झपकी ने ली दो की जान
नांगलसोती(बिजनौर)। सोमवार की देर रात लड़की के रिश्ता करके हरिद्वार से लौटते समय चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में परिवार के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
अमरोहा जिले के नौगावा सादात थाने के गांव कलामपुर निवासी नरसिंह चौहान की बेटी चांदनी का रिश्ता तय करने के लिए नरसिंह के बडे़ भाई शिवाला कला थाने के गांव जौनुपर निवासी 50 वर्षीय सुदर्शन चौहान की कार के अलावा एक अन्य कार से परिजन व रिश्तेदार हरिद्वार गए थे। सोमवार की रात करीब ढाई बजे सब लोग कार से हरिद्वार से घर लौट रहे थे। नांगल सोती-चंदक मार्ग पर कामराजपुर सिद्धबली ईट भट्ठे के पास सुदर्शन की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा कर गिर गई। रितेष कार में सवार गांव जौनपुर निवासी सुदर्शन व गांव के ही धर्मपाल सिंह के 24 वर्षीय पुत्र सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार चांदपुर निवासी सुदर्शन का साला रितेष (40), भतीजा चंद्रपाल सिंह चौहान (28), बेटा तनिष्क चौहान (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक सचिन नरसिंह चौहान के रिश्ते का भतीजा था। रितेष चौहान कार चला था। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची । घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। गंभीर रूप से घायल रितेष चौहान व चंद्रपाल चौहान को मेरठ रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। नांगल थानाध्यक्ष बली मोहम्मद के मुताबिक कार तेज गति से थी। चालक को नींद की झपकी लगने से ये हादसा हुआ है।