खरखौदा। गांव अल्लीपुर के जंगल में शनिवार को धान के खेत में पशुओं के अवशेष, रस्से एवं खून पड़ा मिला। इसकी ग्रामीणों से जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल की जांच की। वहीं, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करके लौट गई। ग्रामीणों ने गोकशी का आशंका जताई है।
गांव अल्लीपुर निवासी भाजपा नेता मनीष बंसल के चाचा राजेंद्र बंसल ने गांव अल्लीपुर के जंगल में एक किसान की जमीन ठेके पर ले रखी है। जिसमें इस समय धान की फसल खड़ी है। राजेंद्र बंसल के अनुसार शनिवार सुबह वह फसल देखने गया। उसे खेत में फसल टूटी मिली। वहीं, राजेंद्र को कई रस्से, पशुओं के अवशेष व खून पड़ा मिला। राजेंद्र बंसल ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की तथा रस्से एवं पशुओं के अवशेषों को गड्ढे में दबा दिया। वहीं, बिना कार्रवाई किए लौट आई। इस बाबत राजेंद्र बंसल समेत ग्रामीणों ने गोकशी की आशंका जताई है। उधर, थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि मौके पर पशुओं के अवशेष एवं अन्य सामान मिला है। मामले की जांच की जा रही है।