बिजनौर में नजीबाबाद के इस्सेपुर गांव में एक छह साल के बच्चे विनीत की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वह रविवार दोपहर से लापता था। सोमवार दोपहर उसका शव गन्ने के एक खेत में मिला। उसका एक कान भी कटा हुआ था। इस वजह से पुलिस और ग्रामीण उसकी हत्या के पीछे बलि की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
विनीत इस्सेपुर निवासी संजय कश्यप का पुत्र था। संजय मजदूरी करके अपने परिवार का गुजर बसर करता है। रविवार दोपहर वह घर के बाहर अपनी बहन के साथ सो रहा था, तभी कोई उसे उठाकर ले गया। परिवार वाले रात भर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास किसान प्रवीण के गन्ने के खेत में उसका शव पड़ा मिला। उसका बायां कान कटा हुआ था और नाक से खून बह रहा था। इस हालत में बच्चे का शव देख पुलिस अधिकारियों की रूह कांप उठी।
पढ़ें : साहब! फुफेरा भाई मेरी बहन को परेशान कर रहा था, इसलिए काट डाला
इसी बीच किसी ने बताया कि सब्जी बेचने वाले पुखराज निवासी गांव सराय सैदघोड़ा उर्फ गुढ़ासराय को विनीत को ले जाते हुए देखा गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने पुखराज को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। विनीत के पिता ने अपहरण कर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। एसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि शव देखने से लग रहा है कि बलि के लिए उसकी हत्या की गई होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/