कोरोना से मोदी कांटिनेंटल कंपनी के छह कर्मचारियों की मौत, प्लांट किया बंद
मोदीपुरम (मेरठ)। टायर बनाने वाली मोदी कांटिनेंटल कंपनी का प्लांट शुक्रवार को कोरोना महामारी के चलते बंद कर दिया गया। कंपनी के छह कर्मचारियों की कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से मौत हो गई। इस कारण कंपनी को प्लांट बंद करना पड़ा। 15 मई के बाद प्लांट खुलने की संभावना जताई जा रही है।
कंपनी का मोदीपुरम स्थित प्लांट कोरोना संक्रमण का केंद्र बन गया है। कंपनी के कर्मचारी लगातार कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से हाल ही में कंपनी के छह कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। इस कारण अन्य कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। संक्रमण की चपेट में अन्य कर्मचारी और अधिकारी भी हैं। शुक्रवार को कंपनी के उच्च अधिकारियों के निर्णय के बाद प्लांट को बंद करने का निर्णय लिया गया।
कंपनी के प्रेस प्रवक्ता प्रदीप राय का कहना है कि 350 से अधिक लोग संक्रमित हैं, जो होम क्वारंटीन हैं। कर्मचारी कंपनी के परिवार के सदस्य हैं। उनकी सुरक्षा को देखते हुए प्लांट बंद किया गया है। 15 मई के बाद कंपनी को सैनिटाइज कराने के बाद प्लांट को शुरू किया जाएगा।