सरधना। कालंदी गांव के जंगल में सोमवार रात चोरों ने छह नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मरों से कीमती सामान चुरा लिया। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और आसपास के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार की सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को चोरी की वारदात का पता लगा। उन्होंने तुरंत ऊर्जा निगम और पुलिस को सूचना दी। ऊर्जा निगम की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। जेई ने थाने में चोरी की तहरीर दर्ज कराई है। कालंदी गांव के निवासी रामकुमार, ओमवती, इंद्रराज, गोपीचंद, संजीव कुमार और प्रमोद ने बताया कि एक माह में लगभग 15 ट्रांसफार्मर चोरी हो चुके हैं। ये ट्रांसफार्मर नलकूपों पर विद्युत आपूर्ति के लिए लगाए गए थे। सोमवार की शाम किसान अपने खेतों से घर लौट गए थे और देर रात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर ट्रांसफार्मरों से कीमती सामान चुरा लिया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि किसानों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जल्द खुलासा किया जाएगा।