युवती का रिश्ता भी तुड़वाया, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। एक युवती ने अपनी बहन के देवर सहित तीन युवकों पर खेत में खींचकर दुष्कर्म करने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी दर्जन का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर पर जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने मवाना थाने में दी तहरीर में बताया है कि उसकी बहन की शादी मवाना थाने के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई है। कुछ समय बाद से बहन का देवर कहता है वह उसे पसंद करता है और शादी करना चाहता है। लेकिन परिवार के लोगों ने किसी कारणवश बहन के देवर से शादी करने से मना कर दिया। छह महीने पहले बहन का देवर घर पर आया था। उसको अकेली देख अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने बदनाम करने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि पिता ने उसका रिश्ता कहीं और कर दिया। इस पर आरोपी ने उसके भाई ने पिता को धमकी दी कि यदि उसकी शादी कहीं और की तो लड़की को बदनाम कर देगा। आरोपियों ने उल्टी सीधी बातें कर उसका रिश्ता तुड़वा दिया।
आरोप है कि 29 मई को शाम पांच बजे वह खेत पर काम कर रही थी। तभी आरोपी अपने दो दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और ईख के खेत में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी डर गए और धमकी देते हुए भाग गए। आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, आरोप सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।