परीक्षितगढ़ क्षेत्र के अमीनाबाद उर्फ बड़ा गांव में शनिवार को प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में बीएलओ के पास के मुस्लिम मतदाता एसआईआर फार्म 7 भरकर दोबारा से मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए जमा करने पहुंचे। ग्रामीणों को जानकारी हुई कि मतदाता सूची से करीब 200 लोगों के नाम हटाने की तैयारी चल रही है और 50-60 जिंदा लोगों को मृत दर्शाया गया है।
इससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने गांव निवासी बीएलए पर वोट कटवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए स्कूल में हंगामा किया और निष्पक्ष जांच कर सूची में सुधार करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
गांव अमीनाबाद उर्फ बड़ा गांव में शनिवार को प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में बीएलओ के पास मतदाता अपने-अपने फार्म भरकर जमा कर रहे थे। इसी दौरान मतदाता सूची में लगभग 200 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की तैयारी व 50-60 जिंदा लोगों को मृत दर्शाकर सूची से नाम हटाए जाने की बात उनके सामने आई।
यह बात भी सामने आई कि गांव निवासी एक बीएलए द्वारा बीएलओ सविता, मास्टर जफर पर वोट काटने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस पर ग्रामीण काफी संख्या में स्कूल में एकत्रित हो गए। मतदाता सूची में देखने पर पता चला कि फर्जी साइन करवाकर सूची से नाम हटाने की तैयारी की जा रही है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश उत्पन्न हो गया।
ग्रामीण ने बताया कि माछरा ब्लाक के भाजपा के महामंत्री मनवीर सिंह के पुत्र आकाश बीएलए हैं। ग्रामीणों ने उन पर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता मतलूब, अस्मद, अमन चैन, शहजाद, तरीकत, रिजाज, इस्लाम, इमराना, मेहताब, फत्याब, समीना, मुसाहिद आदि को मतदाता सूची में मृत दर्शाया गया है लेकिन वह सभी लोग जिंदा हैं और गांव में ही रह रहे हैं। राजनीतिक प्रभाव दिखाकर बीएलओ पर वोट कटवाने का दबाव बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर मतदाता जागरूक नहीं होते तो वोट डालने का हक उनसे छीनने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। ग्रामीणों ने बीएलओ से दोबारा से मृत दर्शाए गए लोगों का नाम सूची में अंकित करने की मांग की है। जिससे उन्हें वोट डालने का अधिकार मिल सके।
वहीं, ग्रामीणों की सुपरवाइजर अक्षय से मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
बीएलओ सविता ने बताया कि भाजपा महामंत्री मनवीर व उनका पुत्र बीएलए आकाश ने फार्म नंबर 7 भरकर फर्जी साइन कर जमा किए हैं। जांच के दौरान फर्जी साइन पाए गए हैं। यह फार्म जिन महिलाओं की शादी हो जाती है या जिनकी मृत्यु हो जाती है उसके लिए भरा जाता है। जांच के दौरान मृत दर्शाए गए लोग व जिनके नाम सूची से हटाने का दबाव बनाया जा रहा है वह सब लोग गांव में ही रहकर अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। मतदाता सूची से इनका नाम हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
मनवीर मलिक ने बताया कि फार्म 7 भरकर जांच करने के लिए बीएलओ मास्टर जफर को सौंप दिए थे। उनके व उनके पुत्र आकाश पर लगाए गए आरोप निराधार व गलत हैं।
इस दौरान आबाद, वहाब, छुटवा, राशिद, रिहान, फरियाद, वसीम, इरशाद, मन्नवर, आदिल, मुन्ने, बल्लू, कलवा खां, सरताज, भूरे, नौशाद, रिजवान, फिरोज, बज्जु, ताहिर, वसीम चौधरी, ताहिर चौधरी, डॉ. सज्जाद, तालिब प्रधान, जावेद प्रधान सहित सैकड़ों महिलाएं-पुरुष मौजूद रहे।