सिर पर हेलमेट लगाने के बावजूद जरा सी लापरवाही ने एक घर का इकलौता चिराग बुझा दिया। मंगलवार दोपहर मवाना रोड पर डेयरी फार्म के पास मिनी ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर दे मारी। बाइक चालक ने हेलमेट तो लगाया हुआ था। लेकिन उसे ठीक से बांधा नहीं था। उसका लॉक खुला होने पर टक्कर लगते ही हेलमेट दूर जा गिरा। सड़क पर गिरे युवक का सिर मिनी ट्रक कुचलता हुआ निकल गया। जिस पर उसकी मौके पर मौत हो गई।
मुंडाली थानाक्षेत्र अंतर्गत नंगला कबूलपुर गांव निवासी संदीप (26) पुत्र शीशराम एक पब्लिके शन फर्म में काम करता था। मंगलवार को संदीप गंगानगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से कैश लेने बाइक से गया था। कैश नहीं मिलने पर उसने अपने दोस्त शोभित तोमर को कॉल की। दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक से लौटते समय डेयरी फार्म मोड़ पर पीछे से आ रही टाटा ऐस गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। संदीप ने हेलमेट लगाया हुआ था। लेकिन उसका लॉक खुला हुआ था।
टक्कर लगते ही संदीप सड़क पर गिरा तो हेलमेट भी सिर से उछलकर दूर जा गिरा। गाड़ी का पहिया संदीप के कंधे और सिर के ऊपर से होकर निकल गया। घटना के बाद वहां भीड़ जुटी तो आरोपी चालक फरार हो गया। इस दौरान संदीप के मोबाइल फोन पर उसके दोस्त की कॉल आई तो लोगों ने उसे रिसीव करते हुए घटना की जानकारी दी। इस दौरान करीब बीस मिनट तक शव बीच सड़क पर पड़ा रहा। एंबुलेंस भी नहीं पहुंची। बाद में सिविल लाईन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
एक घंटे वनवे रही मवाना रोड
बीच सड़क पर संदीप का शव पड़ा होने पर लोगों ने मवाना रोड को वनवे कर दिया। करीब एक घंटे तक मवाना रोड पर जाम की स्थिति रही। वहीं, संदीप की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। संदीप चार बहनों का इकलौता भाई था। चार साल पहले टीपीनगर क्षेत्र के मेवला फाटक निवासी नीतू से उसकी शादी हुई थी। लेकिन कोई संतान नहीं थी। संदीप के पिता शीशराम किसान हैं। मां कमलेश और बहनों के साथ परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।