खिर्वा रोड स्थित गारमेंट्स व ब्यूटी पॉर्लर की शॉप में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से शॉप में रखा करीब 15 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। वहीं सैनिक विहार स्थित टाइल्स गोदाम में आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। यहां आग लगने के कारणाें का पता नहीं चल पाया है।
गांव खिर्वा जलालपुर सरधना की रहने वाली ललिता पत्नी महिपाल ने बताया कि खिर्वा रोड श्रद्धापुरी में उनकी गारमेंट्स व ब्यूटी पॉर्लर के नाम से बड़ी शॉप है। सोमवार देर शाम वह शॉप का ताला बंद करके घर गए थे कि देर रात शॉप में आग लग गई। कलोनी के चौकीदार ने आग लगती देखी तो फोन करके घटना की जानकारी दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि तब तक शॉप का सारा सामान जल कर राख हो चुका था। पीड़िता ने बताया कि करीब 15 लाख रुपए का शॉप में रखा कीमती सामान व कपड़े जल कर राख हो गए। पीड़िता ने तहरीर दी है। वहीं अनिल कुमार पुत्र जय प्रकाश निवासी शिव लोकपुरी ने बताया कि उनकी सरधना रोड पर शौम्या टाइल्स के नाम से दुकान है। श्रद्धापुरी सैनिक विहार में टाइल्स गोदाम है। सोमवार देर रात पड़ोसियों ने गोदाम से धुंआ उठता देखा तो फोन करके गोदाम में आग लगने की जानकारी दी। मौके पर जाकर देखा तो गोदाम धूं-धूं करके जल रहा था। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक लाखों रुपए का सामान जल गया। गोदाम मालिक ने बताया कि करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हो गया है। पीड़ित ने अज्ञात चोरों पर गोदाम में चोरी करने के बाद आग लगाने की तहरीर दी है।
वहीं इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है।