मवाना। पांच युवकों ने शनिवार रात एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित थाने पहुंचा तो उसकी दुकान में तोड़फोड़ कर तथा गल्ले से रुपये निकालकर फरार हो गए। पीड़ित ने तीन नामजद तथा दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
रितिक सैनी पुत्र विपिन सैनी ने थाने में दी तहरीर में कहा कि उसकी सीएचसी के पास दुकान है। बीती रात उसका भाई निखिल तथा वह दोनों दुकान पर थे। तभी पांच युवक दुकान पर आए तथा उसके भाई निखिल सैनी को मारना पीटना शुरू कर दिया। आरोपी युवकों द्वारा निखिल सैनी को पीटे जाने से उसके सिर में काफी चोट आई। जिस पर उस समय आरोपी युवक वहां से भाग गए। तहरीर में तीन को नामजद तथा दो अज्ञात पर आरोप लगाया है। सभी युवक नशे की हालत में थे। जब निखिल सैनी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने गया तो आरोपी युवकों ने फिर से आकर दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी तथा आरोपी गल्ले में रखे 72 सौ रुपये निकालकर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल निखिल को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।