मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र में दुकान मालिक सलमान ने एक दुकानदार पर एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक बेचने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा कर दिया। सलमान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से कुछ कोल्ड ड्रिंक को सैंपल के लिए ले लिया। वहीं दुकानदार को लेकर थाने आ गई। पुलिस दुकानदार से पूछताछ कर रही है।
केसरगंज निवासी सलमान ने सोमवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसने 5 वर्ष पूर्व देहली गेट निवासी एक युवक को दुकान किराए पर दी थी। दुकानदार ने उनकी दुकान में कोल्ड ड्रिंक का काम कर रखा था। सलमान के अनुसार काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि दुकानदार एक्सपायरी डेट का सामान बेच रहा है। सोमवार को दुकान पर गाड़ी कोल्ड ड्रिंक लेकर पहुंची थी। इसी बीच सलमान अपने परिजनों व अन्य साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और कोल्ड ड्रिंक एक्सपायरी होने की बात कहकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने दुकान को फिलहाल बंद कर दिया। साथ ही सैंपल के लिए कुछ कोल्ड ड्रिंक की बोतल ले ली। सीओ कैंट नवीना शुक्ला का कहना है कि मामले को लेकर तहरीर मिल गई है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।