युवती से की छेड़छाड़ तो लाठी लेकर पहुंच गई सपा नेत्री, दुकानदार को पीटा
मेरठ। मोबाइल खरीदने पहुंची युवती से छेड़छाड़ और अभद्र भाषा में बात करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। युवती के फोन करने के बाद एक सपा नेत्री लाठी लेकर पहुंच गई। दुकानदार को खरीखोटी सुनाते हुए उसकी पिटाई की गई। बाद में उसे माफी मांगनी पड़ी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह घटना चार दिन पहले लालकुर्ती क्षेत्र के गंगा प्लाजा की बताई जा रही है। यहां सदर क्षेत्र की एक युवती मोबाइल शॉप में पहुंची थी। आरोप है कि दुकानदार ने युवती से अश्लील शब्दाें के साथ बातचीत शुरू कर दी। अभद्रता और छेड़छाड़ बढ़ने पर युवती ने अपनी दोस्त सपा नेत्री को फोन कर दिया।
कुछ देर बाद ही लाठी लेकर पहुंच गईं। यहां भीड़ जुट गई। काफी कुछ सुनने और पिटने पर दुकानदार ने माफी मांगी। इस घटना के बाद आरोपी दुकानदार फरार है। नेहा गौड़ का कहना है कि ऐसे लोगों को सबक सिखाना जरूरी है। इस मामले में एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। लालकुर्ती पुलिस ने रेलवे रोड निवासी दुकानदार सोनू जुनेजा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
--