सपा के पोस्टरों में नहीं है शिवपाल की फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
सपा में चल रही हाईप्रोफाइल कलह के बीच पार्टी स्थानीय स्तर पर भी बंटती नजर आ रही है। दिवाली के बधाई वाले बैनर, पोस्टरों में बडे़ स्तर की यह रार नीचे तक आ गई है।
कुछ सपाइयों के बैनर, पोस्टरों से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव गायब हैं। खास बात यह है कि विधायक गुलाम मोहम्मद की ओर से दी गई बधाई में भी शिवपाल यादव का फोटो नहीं हैं। इन पोस्टरों में मुलायम सिंह और अखिलेश यादव दोनों के फोटो हैं। इसके अलावा कई अन्य नेताओं के पोस्टरों पर स्थानीय नेताओं तक के फोटो हैं। लेकिन शिवपाल यादव गायब हैं। शिवपाल ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मेरठ में तीन टिकट बदले थे। अतुल प्रधान ने खुले तौर पर अखिलेश और मुलायम सिंह यादव के फोटो वाले बैनर एवं होर्डिंग लगाए तो अब अन्य नेताओं ने भी लगाने शुरू कर दिए हैं। विधायक गुलाम मोहम्मद का कहना है कि उनके किसी समर्थक ने ऐसे बैनर लगाए होंगे। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनके घर में सभी नेताओं के फोटो लगे हैं।