बीडीओ बनी शिवानी को जानकारी देते बीडीओ अमरीश कुमार श्रोत संवाद
हस्तिनापुर। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत सोमवार को विकास खंड कार्यालय पर सरस्वती शिशु मंदिर की 12वीं पास करने वाली छात्रा शिवानी भारद्वाज को खंड विकास अधिकारी के रूप में एक दिन के लिए नियुक्त किया गया। वहीं, न्यू बूलम्स पब्लिक स्कूल की 12वीं पास छात्रा ईशा चौधरी सहायक विकास अधिकारी बनी। बीडीओ अमरीश कुमार ने शिवानी भारद्वाज को बीडीओ के कार्य क्षेत्र से अवगत कराया। वहीं, एडीओ पंचायत धीर सिंह ने ईशा चौधरी को एडीओ के कार्य और शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में अवगत कराया। दोनों ही छात्राओं ने बीडीओ और एडीओ का एक दिन का कार्यभार ग्रहण किया। दोनों छात्राओं ने कार्यालय का कार्य किया। इसके बाद विकास खंड की ग्राम पंचायत मोड खुर्द का भ्रमण कर आवास योजना के सत्यापन की जानकारी ली। विकासखंड के संबंधित अधिकारियों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना को ग्रामीण क्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। एक दिन के लिए अधिकारी बनी छात्राएं काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा कि आगे पढ़ाई कर वह यहीं पद ग्रहण करेंगी, जिससे वह समाज में लोगों की निस्वार्थ सेवा कर सकें।