अल्लीपुर के मंदिर में शिव मूर्ति खंडित
खरखौदा। गांव अल्लीपुर के शिव मंदिर में सोमवार शाम संदिग्ध हालात में शिव मूर्ति खंडित मिली। ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को सीओ किठौर क्षतिग्रस्त मूर्ति को हटाकर नई मूर्ति स्थापित करा दी। बिना प्राण प्रतिष्ठा के मूर्ति स्थापित करने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रोष जताया।
गांव अल्लीपुर में गांव के बाहर बने शिव मंदिर में सोमवार रात में संदिग्ध हालात में भगवान शिव की मूर्ति खंडित हो गई। मंगलवार को ग्रामीणों को सूचना हुई तो घटना पर रोष जताया और कार्रवाई की भी मांग की। सूचना पर सीओ किठौर अमित राय खरखौदा व मेडिकल थाने की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने ग्रामीणों को शांत कराया और दूसरी मूर्ति स्थापित कराई। बजरंग दल के महानगर संयोजक दीपक त्यागी व मधुबन आर्य ने कहा कि मूर्ति स्थापित करने से पहले प्राण प्रतिष्ठा कराई जाती है। लेकिन पुलिस ने बिना प्राण प्रतिष्ठा के मूर्ति स्थापित करा दी। उन्होंने मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की मांग की।
पहले भी दो बार खंडित हो चुकी मूर्ति
गांव के बाहर बने शिव मंदिर में पहले भी दो बार मूर्तियां खंडित की जा चुकी हैं। लेकिन पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। इस कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के दिन श्रावण मास का सोमवार था। भक्तगण मंदिर की परिक्रमा करते हैं। हो सकता है कि परिक्रमा के दौरान मूर्ति गिरकर टूट गई हो।
उठ रहे हैं कई सवाल
पुलिस मूर्ति गिरकर खंडित होना बता रही है। जबकि मंदिर की परिक्रमा सुबह के समय होती है। यह घटना शाम की है। सीओ किठौर अमित राय का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।