मंडावली/नजीबाबाद। क्षेत्रवासियों को बदहाल शेखूपुरा आलम-लाहककला संपर्क मार्ग से निजात मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग जल्द संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू कराएगा।
शेखूपुरा आलम-लाहककला संपर्क मार्ग से क्षेत्र के कई गांव जुड़े हैं। यह संपर्क मार्ग जलालाबाद हाईवे पर जाकर निकलता है। क्षेत्रवासी अनुज कुमार, चमन सिंह, शिव कुमार चौहान, राजवीर सिंह, पुखराज चौहान ने बताया कि संपर्क मार्ग की लंबाई करीब 300 मीटर है। बरसात में मालन नदी का पानी आने से मार्ग कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे लोगों का आवागमन भी प्रभावित हुआ था।
पीडब्लूडी के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद गड्ढों को ठीक कराया गया। मिट्टी डालकर मार्ग को चलने लायक तो बनाया गया, लेकिन किसानों को चीनी मिल तक गन्ना वाहन ले जाने में परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश होने से संपर्क मार्ग फिर से बदहाल हो गया है। ग्रामीणों की मांग पर पीडब्लूडी के अधिकारियों ने मार्ग निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। शासन से मार्ग निर्माण की अनुमति मिल गई।