गैंगस्टर अमित मरिंडा के गिरोह का सदस्य है मोनू हाइडिल
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में मकान पर कब्जा करने को लेकर हुई फायरिंग के आरोपी नितिन कौशिक उर्फ मोनू हाइडिल ने पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। आरोपी अमित मरिंडा गैंग का सदस्य बताया गया है। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-एक निवासी सतेंद्र व शैलेंद्र में संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शैलेंद्र अपनी बहन सीमा, शैलेश, मां फूलवती, रितू, जनक राज गर्ग और अक्षय समेत करीब 15 लोगों के साथ 21 सितंबर को सतेंद्र के मकान पर पहुंचा था। आरोपियों ने सतेंद्र के मकान में घुसकर कार में तोड़फोड़ कर गमले तोड़ दिए और छह राउंड फायरिंग भी की थी। गोली लगने से सतेंद्र और ईंट लगने से उसके बेटे नकुल व विवेक चौधरी घायल हो गए थे।
विज्ञापन
पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस कई आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है। 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश टिल्लू पंडित को पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि उसकी बाद में जमानत हो गई थी।
मरिंडा के जेल से बाहर आने पर अलर्ट हुई पुलिस एक मामले में जमानत तुड़वाकर अमित मरिंडा भी जेल चला गया था। आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए कोर्ट में बुर्का पहनकर पहुंचा था। अब अमित मरिंडा की भी शनिवार को जमानत हो गई और वह जेल से बाहर आ गया है। अमित मरिंडा के जेल से बाहर आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। अमित मरिंडा डी 155 गैंग का सरगना है। उस पर हत्या, रंगदारी, दुष्कर्म, हथियार तस्करी समेत 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।