पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, परिजनों ने किया हंगामा
गांव असदपुर जिड़ाना निवासी सोहनबीरी शुक्रवार को खेत पर गई थीं। देर रात उनका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला की मौत की खबर से परिवार में शोक फैल गया।
परिजनों के अनुसार, महिला के कानों में पहने सोने के कुंडल और गले का पेंडल गायब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आभूषण लूटने के बाद महिला की हत्या की गई। महिला का मुंह कपड़े से बंधा हुआ था और पैर रस्सी से बंधे मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया।