पुलिस ने चाइल्ड केयर समिति को सौंपी बच्ची
- फोटो : अमर उजाला
एक कलयुगी मां अपनी नवजात बच्ची को बस में सीट के नीचे छुपाकर फरार हो गई। बस सवार एक महिला की नजर सीट के नीचे पड़ी, तो उसको कपड़े में लिपटी हुई बच्ची मिली। उसने बच्ची के बारे में जानकारी की, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस को सूचना देने पर बच्ची को चाइल्ड केयर समिति के सुपुर्द कर दिया गया। यह घटना उत्तर प्रदेश के शामली जिले की है।
घटना शुक्रवार रात करीब दस बजे की है। भूरी नामक महिला पानीपत से हरियाणा रोडवेज डिपो की बस से कैराना में रिश्तेदारी में आ रही थी। कैराना में विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास पहुंची और बस रोकने के लिए कहा, तो उसे सीट के नीचे एक कपड़ा दिखाई दिया। महिला ने कपड़ा उठाकर देखा, तो उसमें नवजात बच्ची लिपटी हुई मिली। महिला ने बच्ची को उठाकर बस चालक व परिचालक को जानकारी दी। चालक ने बच्ची का वारिस नहीं होने के चलते महिला को कहा कि वह पुलिस को सूचना दे दे। इसके बाद सड़क किनारे मिली ब्लाक कालोनी निवासी सुशीला से इस बारे में बताया और लावारिस बच्ची को उसे सौंप दी। जब वह दोनों महिलाएं बातचीत कर रही थीं, तभी वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मी आकर रुके। महिलाओं ने बताया कि बच्ची 15 दिन की जन्मी हुई लगती है। उसकी हालत खराब थी। मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए। इस पर पुलिस ने बच्ची को ब्लॉक कॉलोनी निवासी वीर प्रताप चौहान के सुपुर्द कर दिया। रात में ही वीर प्रताप बच्ची को उपचार हेतु डाक्टर के पास ले गया।