सहारनपुर में रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होने से बच गया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रेलवे ट्रैक टूट गया। टूटे ट्रैक से ही शालीमार एक्सप्रेस निकल गई। ट्रेन के गुजर जाने के बाद पटरी टूटे होने का पता चला तो हड़कंप मच गया। तुरंत ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पटरी को ठीक किया गया। कोई हादसा न होने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
शनिवार को सुबह लगभग आठ बजे शालीमार एक्सप्रेस सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। सहारनपुर स्टेशन से शालीमार को 8.02 बजे दिल्ली की ओर रवाना किया गया। जैसे ही ट्रेन तीन नंबर प्लेटफार्म के पास पटरी से होकर गुजरी तो कुछ लोगों ने पटरी टूटी देखी। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दी।
अधिकारी मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। प्लेटफार्म नंबर तीन पर आने वाली सभी ट्रेनों को दूसरी लाइनों पर लिया गया। रेलवे तकनीकी अधिकारियों की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया। लगभग एक में पटरी को ठीक किया गया। जिसके बाद उस पर ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
जोड़ से पटरी टूट कर कुछ हट गई थी
वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह का कहना है कि सुबह लगभग 8.20 बजे रेलवे ट्रैक के टूटे होने का पता चला था। जोड़ से पटरी टूट कर कुछ हट गई थी। उसे ठीक करा दिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/