शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे में स्थित शहीद ऊधम सिंह चौक पर शुक्रवार को अमर शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। भाजपा के जिला मंत्री एवं शिक्षाविद् सुनील पोसवाल ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मौजूद लोगों ने पुष्प अर्पित कर राष्ट्र के अमर बलिदानियों को नमन किया।
सुनील पोसवाल ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह मां भारती के ऐसे वीर सपूत थे, जिन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड में निर्दोष भारतीयों के नरसंहार का बदला लेने के लिए इंग्लैंड पहुंचकर जनरल डायर के सहयोगी रहे माइकल की हत्या कर अंग्रेजी हुकूमत को भारतवासियों के आत्मसम्मान का संदेश दिया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान का प्रतीक रहा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है और शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में एडवोकेट विजय कंबोज, कैलाश प्रधान, भूलन नागर, विशाल, दीपक, अंशुमन, आयुष, अरमान, शिवा, जगदीप, बलदेव सहित अन्य लोगों ने भी शहीद ऊधम सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।