मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ के पूर्व महामंत्री विनोद अरोड़ा के साहिल होटल में बुधवार को सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। सीओ कैंट/एएचटीयू संजीव देशवाल ने छापा मारकर होटल के दो संचालकों, चार ग्राहकों और दो युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम में केस दर्ज कराया गया है। अमर उजाला ने भी शहर के होटलों में ऑनलाइन सेक्स रैकेट चलने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
सीओ के अनुसार कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि शास्त्रीनगर के एक होटल में देह व्यापार चल रहा है। जहां बाहर से युवतियों को बुलाया जाता है। सूचना पर थाना एंटी हृयूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) के इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने इसकी जांच कराई तो व्यापारी नेता विनोद अरोड़ा के साहिल होटल में सेक्स रैकेट चलने की बात सामने आई। होटल व्यापारी नेता से जुड़ा होने के चलते इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। जहां से निर्देश मिलने पर बुधवार शाम सीओ संजीव देशवाल, इंस्पेक्टर बृजेश कुमार और नौचंदी पुलिस ने संयुक्त रूप से होटल में छापामारी की।
पुलिस का किया विरोध
छापामारी के दौरान पुलिस टीमों ने साहिल होटल में घुसने की कोशिश की तो मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने विरोध कर दिया। होटल के कमरे भी नहीं खोले गए। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कमरे खुलवाए और जांच की।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने होटल साहिल के मैनेजर व सेक्स रैकेट के संचालक अशोक कुमार निवासी नेपाल हाल पता फूलबाग कॉलोनी नौचंदी, सेक्स रैकेट के दूसरे संचालक संजय निवासी मुंडाली, ग्राहक नीरज निवासी खरखौदा, सुनील निवासी खरखौदा, अभिषेक निवासी हस्तिनापुर, मनोज निवासी अमरोहा, खरखौदा क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय विवाहित युवती और हस्तिनापुर निवासी 20 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर लिया।
आपत्तिजनक सामग्री बरामद
सीओ के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि होटल मैनेजर अशोक और संजय करीब डेढ़ साल से ऑनलाइन सेक्स रैकेट चला रहे थे। होटल में ऑन डिमांड लड़कियां बुलाई जाती थीं। होटल मालिक विनोद अरोड़ा समेत नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। होटल के दो कमरों से 7 मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। बृहस्पतिवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
शराब, अय्याशी का अड्डा साहिल होटल
शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के साहिल होटल में जिस तरह से पुलिस ने देह व्यापार बेनकाब किया है, उससे शहर के होटलों की पोल खुलने लगी है। सीओ के अनुसार होटल मैनेजर अशोक कुमार ने बताया कि होटल में जहां लड़कियों और महिलाओं को बुलाया जाता था तो रात में होटल में शराब और अय्याशी की महफिल सजती थी। एक व्यापारी नेता भी उसके साथ शराब पार्टी में शामिल होता था। युवतियों से डांस कराया जाता था। होटल ऊपरी मंजिल पर है और नीचे व्यापारियों की दुकानें हैं इसलिए होटल मैनेजर की इजाजत के बिना कोई भी ऊपर नहीं घुस सकता था। व्यापारी नेताओं का यहां हस्तक्षेप रहता है। सेंट्रल मार्केट के कुछ व्यापारी कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अफसरों पर दबाव बनाते रहते थे।