सेक्स रैकेट पकड़ा, डांसर समेत चार गिरफ्तार
मेरठ। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने शुक्रवार शाम रोहटा रोड पर छापा मारकर सेक्स रैकेट चला रहे गिरोह को गिरफ्तार किया। गिरोह संचालक ने तीन माह पहले बीएसएफ के सिपाही का मकान देह व्यापार के लिए किराए पर लिया था। सेक्स रैकेट में मेरठ निवासी हरियाणवी डांसर भी गिरफ्तार हुई है। पुलिस ने मकान से 17 वर्षीय किशोरी को रेस्क्यू किया। संचालक, ग्राहक और दो महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, जन कल्याण संस्था ने पुलिस अधिकारियों से रोहटा रोड स्थित मकान में देह व्यापार चलने की शिकायत की थी। एसएसपी अजय साहनी के निर्देश पर शुक्रवार शाम सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी, एएचटीयू के इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने छापा मारा। पुलिस ने किराए पर मकान लेने वाले प्रशांत वालिया, ग्राहक अर्जुन निवासी खड़ौली थाना कंकरखेड़ा और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कमरे से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया। पूछताछ में प्रशांत वालिया एक महिला को अपनी पत्नी बताया, लेकिन जांच में महिला दूसरे क्षेत्र की निकली।
एएचटीयू प्रभारी के अनुसार, जांच में सामने आया कि यह मकान बीएसएफ के सिपाही का है। तीन माह पहले मुजफ्फरनगर नई मंडी, पटेल नगर निवासी प्रशांत वालिया ने किराए पर लिया था। वही देह व्यापार का धंधा चला रहा था। एक ग्राहक से दो से तीन हजार रुपये लिए जाते थे। हरियाणा और दिल्ली से भी युवतियां बुलाई जाती थीं। व्हाट्सएप पर ग्राहकों को लड़कियों के फोटो भेजकर रेट तय किए जाते थे। प्रशांत ने किशोरी को अपनी बेटी बताया, लेकिन दोनों के बयान अलग अलग निकले। प्रशांत वालिया, ग्राहक अर्जुन, डांसर युवती और महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।