- नगर पालिका ने तहसील से मांगी 0.5 हेक्टेयर जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका क्षेत्र में घरेलू सीवेज के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना भूमि के अभाव में अटक गई है। नगर पालिका ने उप जिलाधिकारी सरधना को पत्र भेजकर मेरठ रोड से हिंडन नदी की ओर जाने वाले मुख्य नाले के निकट 0.5 हेक्टेयर सरकारी भूमि निशुल्क उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया कि उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता ने पत्र भेजकर एनजीटी के निर्देशों के अनुपालन में नगर क्षेत्र के घरेलू सीवेज के निस्तारण के लिए सीवरेज योजना तैयार करने को कहा है। योजना में सीवर नेटवर्क, पंपिंग स्टेशन और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए 0.5 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। पत्र में उल्लेख किया गया कि नगर पालिका के स्वामित्व में उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं है। इसी कारण चार अगस्त को भी प्रशासन से भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई है।
पालिका ने उप जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि एनजीटी से जुड़े मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्य नाले के समीप आवश्यक सरकारी भूमि नगर पालिका को उपलब्ध कराई जाए। भूमि मिलने के बाद जल निगम द्वारा परियोजना का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी दीपिका शुक्ला का कहना है कि एसटीपी बनने से नगर क्षेत्र का घरेलू सीवेज वैज्ञानिक तरीके से शोधित होगा। इससे गंदे पानी का सीधे नालों और हिंडन नदी में प्रवाह कम होगा तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।