पुलिस ने वाहनों को हटवाकर खुलवाया जाम, मामूली रूप से चोटिल हुए सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। नगली गेट के पास शनिवार सुबह एक पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगाने के कारण पीछे आ रही दो पिकअप चालकों को कोहरे के चलते आगे खड़ा वाहन दिखाई नहीं दिया और वह भी टकरा गईं। कुछ ही मिनट में एक के बाद करीब आठ वाहन आपस में भिड़ गए। जिससे वहां जाम के हालात बन गए। पुलिस ने बैरिकेड लगवाकर व्यवस्था बनवाकर जाम खुलवाया। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।
शनिवार सुबह घना कोहरा छाया और दृश्यता लगभग शून्य रही। हाईवे पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। नगली गेट पर एक वाहन चालक के अचानक ब्रेक लगा देने के कारण पीछे से आ रहे दर्जनों वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। एक वाहन टक्कर लगने के बाद पलट भी गया। गनीमत रही कि कोई जन हानि नहीं हुई। हादसे की सूचना मिलते ही दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों को दूसरी साइड से निकालना शुरू किया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन मंगवा कर हाईवे से हटवाया। हालांकि कुुछ वाहन चालक पहले ही वाहन लेकर चले गए। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। हादसे में वाहन चालकों को मामूली चोट आई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि कोई जनहानि नहीं हुई। कुछ को मामूली चोट आई थी। उपचार दिला दिया गया।