उत्तर प्रदेश के शामली में सोमवार शाम मामूली बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों से एक महिला सहित दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से छह लोगों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामला थानाभवन कस्बे के मोहल्ला हाफिजदोस्त का है। घायल रणबीर ने बताया कि उसका पुत्र मोहल्ले में ही चाउमीन का ठेला लगाता है। रविवार को मोहल्ले का ही एक युवक उसके बेटे से उधार चाउमीन खाकर गया था। सोमवार शाम जब उससे अपने पैसे मांगे तो युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट की सूचना पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और एक महिला सहित एक दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के रमेश, रणवीर, धर्मपाल, सन्नीपाल, सुभाष तथा दूसरे पक्ष के रामनिवास, सोनू, लखमी, कल्लू, रवि, सीलो एवं समयचंद शामिल हैं।
झगड़े की सूचना पर पहुंची थानाभवन पुलिस ने घायलों को सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने रमेश, रणवीर, कल्लू, सीलो एवं रामनिवास सहित छह घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के दर्जनभर से अधिक लोगों के खिलाफ बलवा में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/