सरधना। नई बस्ती कालंद रोड पर घर में घुसकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मोहल्ले के ही सात लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
आबिद पुत्र यासीन ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर पर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर बचाव में पहुंचे उसके बेटे कासिफ को भी आरोपियों ने पीटा। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इस पर आरोपी पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।