मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के भूडबराल में पेट्रोल पंप के पास एक युवक से बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा तमंचे के बल पर सात लाख रुपये की लूट करने का मामला प्रकाश में आया। गश्त कर रही पुलिस को देखकर बदमाश भाग निकले। परतापुर पुलिस घटना से इंकार कर रही है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को एक युवक स्पलेंडर बाइक से परतापुर से मोहिउद्दीनपुर की ओर जा रहा था। भूडबराल दिल्ली रोड स्थित एक ढाबे के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोकने का प्रयास किया। खतरे की आशंका भांपकर युवक किसी तरह बाइक मोड कर रोंग साइड ही एक पेट्रोल पंप के पास पहुंच गया। बताया गया कि बाइक सवार दोनों बदमाश पीछा कर उसके पास पहुंचे और तमंचा लगाकर उससे सात लाख रुपये से भरा बेग लूट लिया। इसी दौरान गश्त कर रही डायल 112 की गाडी पहुंची तो पीड़ित युवक ने उन्हें घटना की जानकारी दी। पुलिस ने गाड़ी से आरोपी बदमाशों का पीछा किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी दौरान पीड़ित भी वहां से चला गया। वहीं घटना को लेकर पुलिस किसी प्रकार की सूचना होने से इंकार कर रही है। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि लूट की घटना की जानकारी नहीं है यदि कोई पीड़ित तहरीर देता है तो कार्यवाही की जाएगी।
-