सरधना। थाना सरधना क्षेत्र के गांव खिर्वा जलालपुर में पशु चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव निवासी गुड्डा जैदी पुत्र फाजिल हुसैन ने थाना पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनके घेर से चोर सात बकरी और दो बकरे अज्ञात चोर चुरा ले गए। पीड़ित के अनुसार घटना 29 सितंबर की रात की है। सुबह जब वह रोज की तरह अपने घेर पर पहुंचे तो पाया कि सभी जानवर गायब थे। उन्होंने आसपास और गांव में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने आशंका जताई कि यह काम किसी संगठित गिरोह का हो सकता है, क्योंकि सभी जानवर एक साथ ले जाना आम घटना नहीं है। उन्होंने थाना सरधना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मामले की जांच व पशुओं की तलाश करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।