मवाना। कृषक पीजी काॅलेज की प्रबंधक अर्चना वर्मा ने शारीरिक शिक्षक, कार्यालय अधीक्षक सहित चार को पत्र देकर फर्जी रसीद बुक का प्रयोग कर कूटरचित तरीके से फीस गबन मामले में पुन: सात दिन का समय अपना पक्ष रखने के लिए दिया है।
काॅलेज प्रबंधक अर्चना वर्मा ने शारीरिक शिक्षक डाॅ. तनुज कुमार, कार्यालय अधीक्षक हरनंदन, लेखाकार नवीन कुमार, आशु लिपिक मनु चौधरी को दिए पत्र में कहा कि आपके विरुद्ध स्ववित्त पोषित कक्षाओं के अंतर्गत संचालित बीकाम व बीएससी होम साइंस के सत्र 2018-19 में फीस गबन व फर्जी रसीद बुक का प्रयोग कर फीस गबन की गई थी। इस संबंध में प्रबंध समिति द्वारा गठित जांच समिति ने 8 जनवरी, 2024 को अपनी जांच रिपोर्ट समिति को सौंप दी थी। इसमें दोषी पाए जाने पर प्रबंध समिति ने दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की थी। इसके आधार पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। न्यायहित में आपके विरुद्ध कार्रवाई संपादित किए जाने से पूर्व आपको अपना पक्ष रखने के लिए सात दिन का समय पुन: दिया जाता है। पक्ष नहीं रखने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डाॅ. तरुण कुमार का कहना है एकतरफा कार्रवाई है। उनके द्वारा सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की जा चुकी है।