पेट्रोल पंप पर हुई लूट का खुलासा करते हुए एसएसपी साथ में पकड़े गये आरोपी फोटो पुलिस
जानीखुर्द। गांव पेपला स्थित सरदार फिलिंग स्टेशन पर पांच दिन पूर्व डकैती डालने के आरोपी बाइक सवार बदमाशों की पुलिस से शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सात बदमाशों को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों से दो बाइक, चार तमंचे, चार मोबाइल और डकैती के 3500 रुपये बरामद किए हैं।
मेरठ-भोला मार्ग पर रेलवे लाइन के पास पेपला गांव निवासी कपिल का सरदार फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। गत सोमवार की रात बाइक सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने धावा बोलते सेल्समैन राजू से तमंचे बल पर 40 हजार रुपये की लूट लिए थे। विरोध करने पर सेल्समैन राजू काे बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। मैनेजर मोहित पर भी बदमाशों ने गोली चलाई थी। घटना की रिपोर्ट अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें बदमाशों के बारें में पुलिस को अहम सुराग मिले।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार की सुबह 4:00 बजे जानी पुलिस, स्वाॅट टीम और सर्विलेंस टीम ने मेरठ-भोला मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को दो बाइकों पर सात युवक मेरठ की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। युवक पुलिस को देखकर गोली चलाते हुए भागने लगे। पुलिस ने जवाब में गोली चलाते हुए बदमाशों को घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से गुलशन उर्फ जीसी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों में गुलशन निवासी श्रीराम विहार काॅलोनी, रोहटा रोड थाना कंकरखेड़ा, अभिषेक चौधरी निवासी तेज विहार कॉलोनी थाना कंकरखेड़ा, अर्जुन उर्फ जग्गा, अश्वनी निवासी शिवरामपुरम कॉलोनी रोहटा रोड थाना कंकरखेड़ा, अंश निवासी फाजलपुर अनूपनगर रोहटा रोड थाना कंकरखेड़ा, आर्यन गौतम निवासी गोकुल विहार रोहटा रोड थाना टीपी नगर, अभय निवासी दोघट जनपद बागपत है। आकाश नामक बदमाश अभी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गुलशन, अभिषेक और अर्जुन पर जिले के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं।