संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर एवं देहात क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद गतिविधियां बढ़ा दीं। एसडीएम अमित कुमार भारतीय, सीओ पंकज कुमार, बीडीओ सुनीत कुमार, ईओ अमिता वरुण, थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक ने नगर में पुलिस फोर्स के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों से संयम बरतने की अपील की। वहीं, चेतावनी दी कि यदि कोई कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा उससे सख्ती से निपटा जाएगा। सरधना नगर के साथ ही पुलिस फोर्स ने समूचे देहात क्षेत्र के गांवों में भी फ्लैग मार्च निकाला। वहीं, सभी वर्गों के लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। इसके चलते क्षेत्र में शांति बनी रही। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। समाजसेवी सूर्यदेव त्यागी, पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी, पंकज जैन, सैयद मुमताज अली, सचिन खटीक, मंजूर मलिक, शाहवेज अंसारी, विजय भारती, वीरेंद्र चौधरी, ललित गुप्ता आदि शामिल रहे।
फैसला आने तक टीवी के सामने जमे रहे लोग
नगर में साप्ताहिक बंदी के बावजूद सुप्रीम कोर्ट के अयोध्या प्रकरण पर फैसले का असर दिखाई दिया। लोग टीवी एवं इंटरनेट पर चिपके रहे। जब तक कोर्ट का आदेश नहीं आया पल-पल की जानकारी लेते रहे। वहीं, पुलिस फोर्स ने फ्लैग मार्च निकाला तो चंद दुकानें खुलीं। इसके चलते नगर में दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।