सरधना। मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र के भाग संख्या 52 में वोटर मैपिंग के दौरान गंभीर त्रुटि सामने आई है। मामले जानकारी तब हुई जब तहसील से मैपिंग किए गए फार्म सुपरवाइजर द्वारा बीएलओ को सौंपे गए।
चेयरपर्सन के पुत्र शाहवेज अंसारी ने बताया कि जांच में पता चला कि कुल 67 फार्मों में मैपिंग संबंध कॉलम में दर्ज विवरण अधिकतर गलत श्रेणियों में दर्ज किए गए थे। इस गंभीर गलती को देखते हुए बीएलओ शालिनी जैन ने सभी फार्मों की मैपिंग सही कराई। शाहवेज अंसारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील है और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेताया कि अगर एक बूथ पर इतनी बड़ी संख्या में गलती हो सकती है तो पूरी विधानसभा क्षेत्र में संभावित त्रुटियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी गलतियां न हों इसके लिए मैपिंग का कार्य केवल प्रशिक्षित और योग्य कर्मचारियों द्वारा ही कराया जाना चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या डाटा एंट्री संबंधित चूक से बचा जा सके।