मेरठ। लोहा व्यापारी सुनील प्रकाश गर्ग की हत्या का 24 घंटे बीतने से पहले ही पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। कातिलों ने अपनी फैक्ट्री में बुलाकर व्यापारी को धारदार हथियार से काटा था। आरोपियों ने करीब एक लाख रुपये के विवाद में हत्या करना बताया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एसएसपी ने देर रात आरोपियों से खुद पूछताछ की। जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूला है। हत्या के बाद आरोपी फिरौती लेना चाहते थे।
पुलिस के अनुसार व्यापारी सुनील गर्ग रविवार शाम चार बजे घर से निकले थे तो बसंत निवासी फूलबाग कॉलोनी नौचंदी ने उन्हें कॉल की थी। सुनील के बसंत पर एक लाख रुपये बकाया होना बताया गया। बसंत की फूलबाग कॉलोनी में घर के पास तांबे की फैक्ट्री है। पैसे लेने के लिए सुनील बसंत की फैक्ट्री में पहुंचे। जहां पर दोनों व्यापारियों में बात हुई। लेनदेन को लेकर दोनों में बहस होने लगी थी। तभी बसंत के दो साथियों आशु और सुशील (रिक्शा चालक) ने पीछे से धारदार हथियार से सुनील पर हमला बोला। उसके बाद बसंत समेत तीनों आरोपियों ने सुनील की गर्दन काट दी। फैक्ट्री में तीनों ने मिलकर लाश को बोरे में बंद किया। उसके बाद रिक्शे में ले जाकर शव को नाले के पास फेंक आए थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी शव को ले जाते कैद हो गए थे। पुलिस ने बसंत समेत तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है।
पढ़ें : व्यापारी की चाकू से गोदकर हत्या, DM-SSP को जमीन पर बैठाया, रखी ये मांग