खरखौदा/मेरठ। बिजली बंबा बाईपास के पास ट्यूबवेल के होद में युवक का अर्धनग्न शव मिला है। परिजनों ने आरोप लगाया कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को वहां पर फेंका है। हालांकि पुलिस को ट्यूबवेल के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसमें दिखाई दे रहा है कि युवक वहां पर आकर रुकता है और शर्ट उतारकर ट्यूबवेल में नहाने लगता है।
सोमवार दोपहर सूचना मिली कि बिजली बंबा बाईपास पर जाहिदपुर निवासी चरण सिंह की ट्यूबवेल की होद में एक युवक का अर्धनग्न शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के शरीर पर केवल लोअर था। हालांकि प्राथमिक जांच में शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला। पुलिस ने मौके से युवक का मोबाइल, 150 रुपये, शर्ट और थोड़ी ही दूर खड़ी उसकी बाइक भी बरामद की है।
काफी मशक्कत के बाद युवक की पहचान काशीराम कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय साजेब के रूप में हुई। वह मूलरूप से समर गार्डन का रहने वाला था। पता चलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि साजेब चाऊमीन की ठेली लगाता था। वह दो दिन से बीमार था। सुबह दवाई लेने के लिए घर से निकला था। उन्होंने आशंका जताई कि योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या की गई है।
तीन फीट गहरे पानी में नहीं डूब सकता : पिता
- पिता जलीश अहमद का कहना है कि जहां पर साजेब का शव मिला है, उस होद में तीन फीट तक ही पानी है। इतने पानी में वह कैसे डूब सकता है। उसकी किसी ने हत्या की है। पूरे मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए।
शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया, जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। वहां पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में पूरा वाकया कैद हो गया। युवक की हत्या नहीं हुई। परिजनों की तरफ से तहरीर भी नहीं दी गई।
- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी