खरखौदा। मेरठ बुलंदशहर हाईवे पर चरक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के सामने बुधवार रात्रि में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सड़क पर घूम रहे अर्धविक्षिप्त की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मेरठ बुलंदशहर हाईवे पर चारक आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज के सामने बुधवार रात्रि में एक अज्ञात व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करने का प्रयास किया तो आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक अर्धविक्षिप्त था तथा अक्सर इस क्षेत्र में सड़क पर घूमता रहता था। हालांकि पुलिस ने शव की पहचान करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष, बाल व दाढ़ी सफेद तथा बढ़ी हुई हैं। मृतक ने नीले रंग का शर्ट व काले रंग की पेंट पहने हैं। उसकी जेब में या अन्य कोई ऐसा सामान नहीं मिल सका जिससे उसकी पहचान हो सके। संवाद