मोदीपुरम। सिवाया टोल प्लाजा पर तीन दिन की छुट्टी के बाद वाहनों की संख्या में इजाफा होने के कारण जाम लग गया। जाम लगने के कारण दिनभर वाहन चालकों का गर्मी से हाल बेहाल रहा। टोलकर्मियों को रिर्वस लाइन भी चलानी पड़ी। कई वाहनों के फास्टैग ब्लैक लिस्ट मिले इस कारण स्थिति ओर गंभीर हो गई।
15 अगस्त और जन्माष्टमी, रविवार की छुट्टी के बाद सेलानी व रिश्तेदारी में घूमने गए लोग वापस लौटने लगे। रविवार सुबह से ही हाईवे पर वाहनाें की संख्या अधिक रही, जिस कारण हाईवे पर जगह जगह जाम लगा रहा। दोपहर से लेकर शाम तक सिवाया टोल प्लाजा पर भीषण जाम लग गया। भीषण गर्मी के चलते टोल पर लाइन में लगे वाहन चालकों का बुरा हाल हो गया। टोल से लगभग 44 हजार वाहन होकर गुजरे। टोलकर्मियों ने व्यवस्था बनाने का प्रयास किया, लेकिन लगातार वाहनों की संख्या बढ़ने से व्यवस्था धड़ाम हो गई। टोल के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान ने बताया कि समस्या उस वक्त आती है जब कोई वाहन बूथ पर पहुंचता है और उसका फास्टैग ब्लैक लिस्ट मिलता है। ऐसे, में पहले से ही वाहन लाइन में लगे होते है और पीछे से अन्य वाहन आ जाने के कारण जाम की समस्या उत्पन हो जाती है। रविवार को भी कई वाहनों के फास्टैग ब्लैक लिस्ट निकले।