मेरठ। एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने परतापुर थाने की कताई मिल चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर रितुराज को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। एसपी क्राइम अवनीश कुमार को जांच सौंपी गई है।
दरअसल, ग्राम पंचायत अधिकारी रोहटा रोड निवासी राहुल सहारन से बदमाशों ने सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटा था। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में यह वारदात दो अप्रैल को हुई थी। परतापुर पुलिस ने तीन दिन पहले बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल फोन और सोने की चेन बरामद की थी। इसके बाद 20 मई को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने लूट की घटना को डेढ़ महीने बाद चोरी में दर्ज किया। वहीं, 19 ग्राम की सोने की चेन देखकर चौकी प्रभारी रितुराज के मन में लालच आ गया। उसने सोने की चेन के बजाय नकली चेन की बरामदगी दर्शा दी। पीडित ने एसएसपी से शिकायत की। जांच एएसएपी अंतरिक्ष जैन कराई गई। जांच में दरोगा रितुराज दोषी पाया गया। एसएसपी ने जेल भेजने की चेतावनी दी तो दरोगा ने राहुल सहारन की सोने की चेन पुलिस को सौंप दी। इसके बाद एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया था।
-