- दमकल विभाग की रिपोर्ट के बाद ही आयोजन पर बनेगी सहमति, नाम को लेकर भी जारी है मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ऐतिहासिक बूढ़ा बाबू मेले के आयोजन को लेकर एक बार फिर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। नगर पालिका ने मेले के आयोजन, व्यवस्थाओं और बजट को लेकर 22 जून को बोर्ड बैठक बुला ली है, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
पालिका सभागार में हाल ही में हुई अनौपचारिक बैठक में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने 25 जून से एक माह तक मेले के आयोजन पर सहमति जताई थी। बैठक में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई थी। इसके बाद पालिका की ओर से बोर्ड बैठक बुलाकर प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस बीच उप जिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर ने कहा कि किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन से पहले सुरक्षा मानकों का परीक्षण जरूरी है। इसी क्रम में दमकल विभाग की टीम मेला स्थल का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव की व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा। रिपोर्ट संतोषजनक मिलने के बाद ही आयोजन की अनुमति पर अंतिम विचार होगा।
उन्होंने बताया कि मेले के नाम को लेकर भी विभिन्न पक्षों की राय सामने आई है, जिस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बृहस्पतिवार को नगर पालिका की चेयरपर्सन के साथ प्रस्तावित बैठक में इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
उधर, मेला आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि यह आयोजन वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा रहा है और इसे नियमित रूप से आयोजित किया जाता रहा है। ऐसे में सुरक्षा संबंधी औपचारिकताओं के बाद मेले के आयोजन का रास्ता साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मंदिर समिति ने जताया आयोजन का भरोसा
ब्रह्मा बूढ़ा बाबा मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। यदि किसी स्तर पर मतभेद की स्थिति बनती है तो प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मंडलायुक्त और जिलाधिकारी के समक्ष भी पक्ष रखा जाएगा।