सीसीएसयू मेरिट में नाम आने पर प्रवेश नहीं लेने वालों को ओपन मेरिट में मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में एलएलएम पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए दूसरी वरीयता सूची बुधवार, 21 अक्तूबर को जारी की जाएगी। इस सूची के आधार पर विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों में 22 और 24 अक्तूबर को प्रवेश लिए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों को 24 अक्तूबर तक प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों का पोर्टल पर प्रवेश कन्फर्म करना अनिवार्य किया है।
लॉगइन आईडी से डाउनलोड करें ऑफर लेटर
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को अपनी लॉगइन आईडी से पंजीकरण फॉर्म और ऑफर लेटर डाउनलोड करना होगा। इसके साथ शैक्षिक प्रमाणपत्र, आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज की स्वप्रमाणित छायाप्रति लगानी होगी। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ आवंटित महाविद्यालय, संस्थान या विश्वविद्यालय परिसर के संबंधित विभाग में संपर्क करना होगा।
प्रवेश नहीं लेने पर ओपन मेरिट में मिलेगा मौका
विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दूसरी वरीयता सूची में महाविद्यालय, संस्थान या विश्वविद्यालय परिसर का विभाग आवंटित होने के बावजूद यदि कोई अभ्यर्थी प्रवेश नहीं लेता है, तो उसे इसके बाद ओपन मेरिट के माध्यम से ही प्रवेश का अवसर मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।