ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को जिले में सीट बेल्ट को लेकर अभियान चलाया। जिसमें नियम तोड़ने वाले चालकों के चालान काटे गए। हालांकि दूसरों को नियम, कानून का पाठ पढ़ाने वाले पुलिसकर्मी खुद ही बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चलाते मिले।
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी ने बताया कि किसी कार चालक और उसके बराबर बैठे यात्री का सीट बेल्ट न बांधना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक चले अभियान में इस नियम का उल्लंघन मिलने पर ट्रैफिक और सिविल पुलिस ने 1320 कार चालकों के चालान काटे। जबकि 61 हजार रुपये शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने एक नहीं सुनी
एसपी ट्रैफिक ने पुलिस लाइन के सामने अभियान चलाकर 72 चालान काटे। इस दौरान सपा नेता ओमपाल गुर्जर समर्थकों के साथ एसएसपी ऑफिस की तरफ जा रहे थे। एसपी ट्रैफिक ने सीट बेल्ट बंधी न मिलने पर ओमपाल गुर्जर की गाड़ी का चालान काट दिया। हालांकि ओमपाल गुर्जर ने पुलिस द्वारा गाड़ी रोकते समय ही ट्रैफिक पुलिस को अपनी तरफ बढ़ता देख सीट बेल्ट लगा ली थी। लेकिन एसपी ट्रैफिक ने एक नहीं सुनी। वहीं गढ़ रोड पर तेजगढ़ी चौराहे के पास स्कॉर्पियो सवार युवक ने अपने को भाजपा विधायक का रिश्तेदार बताया, लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी और चालान काट दिया। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर चाहे पुलिसकर्मी हो या फिर किसी भी पार्टी से जुड़े लोग, सभी पर कार्रवाई की गई है।