बकायेदारों के कनेक्शन काटने गए एसडीएम से उलझे, तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। मोहल्ला हरिजनों वाला में बकायदारों के कनेक्शन काटने गए एसडीओ से लोग उलझ गए। आरोप है कि कुछ लोगों ने एसडीओ के साथ गाली गलौज कर बदसलूकी की और उनकी मोबाइल छीन लिया। इस दौरान एसडीओ का सरकारी मोबाइल जमीन पर गिरकर टूट गया। एसडीओ ने दो लोगों को नामजद करते हुए 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
एसडीओ आर. के पाल ने बताया की शनिवार को वह कस्बा के मोहल्ला हरिजनों वाला की पीर नगर वाली गली में कई बकायदारों के बिजली कनेक्शन काटने गए थे। इस दौरान एक बकायेदार का रिश्तेदार आया और विरोध करते हुए गाली गलौज कर बदसलूकी करने लगा। एसडीओ वीडियो बनाने लगे तो उनका सरकारी मोबाइल छीन लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी पुलिस देख वहां से भाग गए। इस बाबत एसडीओ ने दो लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।