वाहन चोर पकड़ने पहुंची गाजियाबाद पुलिस से हाथापाई
मेरठ। गाजियाबाद के टीला मोड़ पुलिस की टीम ने वाहन चोरी के मुकदमे में वांछित लिसाड़ी रोड निवासी कैफ के मकान पर दबिश दी। टीम ने आरोपी को साथ ले जाने लगी तो परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने हंगामा कर उसे छुड़वाने का प्रयास किया। इस दौरान टीम के साथ हाथापाई भी की गई। बाद में पहुंची लिसाड़ीगेट पुलिस ने मामला शांत कराया। बाद में टीम आरोपी को लेकर चली गई।
लिसाड़ीगेट थाना प्रभारी कुलदीप सिह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे यह टीम एक चोर की निशानदेही पर दबिश के लिए पहुंची थी। टीम का नेतृत्व कर रहे दरोगा वर्दी में थे, जबकि अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में नहीं थे। कैफ को पकड़ते ही कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना लिसाड़ीगेट थाने तक पहुंची तो यहां से पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि गाजियाबाद की टीम वाहन चोर को साथ लेकर चली गई है। संवाद