संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। ट्रैक्टर और स्कार्पियो की भिड़ंत में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि ट्रैक्टर चालक व स्कार्पियो चालक मामूली रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उपचार के बाद घर भेज दिया।
मोहल्ला काबली गेट निवासी सौरभ कुमार सैनी ने तहरीर में बताया कि रविवार सुबह 11:30 बजे ट्रैक्टर से गांव भैंसा मार्ग स्थित खेत से घर आ रहा था। फलावदा मार्ग पर सामने से आई स्कार्पियो कार के चालक ने ट्रैक्टर में सामने से टक्कर मार दी। इसमें वह और ट्रैक्टर पर बैठी पड़ोस की महिला घायल हो गई और ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया।
गांव बहोडूपुर निवासी नईम ने तहरीर में बताया कि वह स्कार्पियो कार से फलावदा सड़क से गुजर रहा था। गलत दिशा से ट्रैक्टर अचानक गाड़ी के सामने आ गया। काफी बचने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी को कच्चे में धकेलते हुए जोरदार टक्कर मार दी। कार से बाहर आया तो ट्रैक्टर चालक, महिला और तीन अन्य ने उसके साथ मारपीट की। गले से सोने की चेन, घड़ी और पर्स छीन लिया। पर्स में 12 हजार रुपये थे। आरोपियों ने उससे 50 हजार की मांग की। गाड़ी में तोड़फोड़ की। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों पक्षों की तहरीर पुलिस को मिल गई हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।