- ट्रांसपोर्ट नगर गेट के सामने माधवपुरम की तरफ से आ रही थी स्कूल बस
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर गेट के सामने माधवपुरम की ओर से तेजी में आ रही स्कूल बस ने एक स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी बस के अगले टायर के नीचे दब गई और उस पर सवार दंपती ने कूदकर अपनी जान बचाई। दंपती के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने बस रोक ली और चालक को दबोच लिया। इससे पहले लोगों का गुस्सा स्कूल बस चालक पर फूटता कि पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में लिया।
माधवपुरम निवासी अनुपम गुप्ता अपनी पत्नी के साथ शनिवार दोपहर 2:30 बजे दिल्ली रोड से फल-सब्जी लेकर स्कूटी से घर जा रहे थे। दंपती जैसे ही माधवपुरम की तरफ मुड़ने लगे, तभी सामने से आ रही भाई जोगा सिंह स्कूल की बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूल बस के अगले हिस्से में टायर के नीचे स्कूटी फंस गई, इससे पहले दंपती ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
यह नजारा वहां से गुजर रहे लोगों ने देखा। लोगों ने शोर मचाया और बस को रुकवा लिया। बस में छात्र-छात्राएं नहीं थे। चालक बच्चों को माधवपुरम छोड़कर स्कूल बस लेकर जा रहे थे। दंपती भी चिल्लाने लगे कि यह चालक तो आज हमारी जान ले लेता। जानकारी लगते ही चौराहे पर तैनात यातायात पुलिस के एक सिपाही मौके पर पहुंच गए। सिपाही ने बस को सड़क किनारे लगवाया और चालक को अपने कब्जे में ले लिया।
दंपती ने बस चालक के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर देना बताया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल ने बताया कि वहां पर सीसीटीवी लगे हैं। हादसे की जांच करने के बाद कार्रवाई करेंगे।